जनता मिलन कार्यक्रम में डीएम ने सुनीं जनशिकायतें, अधिकांश मामलों का मौके पर हुआ समाधान

जिलाधिकारी के निर्देशों पर पेयजल सहित स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण
पौड़ी- सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों से संबंधित एक दर्जन से अधिक जनशिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर जोर देते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के समाधान में देरी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता को समय पर राहत मिलनी चाहिए।
बीरोंखाल के सिंदुड़ी बड़ी की ग्राम प्रधान सविता देवी ने भूमि रजिस्ट्री के लिए बीरोंखाल में विशेष शिविर आयोजित कराने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को तिथि निर्धारित कर शिविर लगाने के निर्देश दिए। वहीं, महिला मंगल दल के लिए टीन शेड निर्माण सहित अन्य मांगों पर डीपीआरओ को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा। बैंगवाड़ी निवासी मनमोहन सिंह ने वर्ष 2025 में गदेरे के बहाव से बगीचे की पुश्ता, सब्जियों एवं फलदार पेड़ों को हुए नुकसान की शिकायत की, जिस पर संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी को आज ही राजस्व उपनिरीक्षक से मौके का निरीक्षण कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं, पौड़ी के वार्ड संख्या-01 निवासी विनोद कुमार जोशी द्वारा पौड़ी-कोटद्वार मार्ग पर ईटीसी गदेरे के पानी से सड़क क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एनएच अधिकारियों को तत्काल स्थल निरीक्षण कर स्थायी समाधान के निर्देश दिये।
जनता मिलन कार्यक्रम के अतिरिक्त सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन, पत्राचार एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों एवं फरियादों पर भी जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों द्वारा त्वरित गति से कार्रवाई सुनिश्चित जी की जा रही है। प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक समाधान कराया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य अनुज पयाल ने नीलकंठ श्रावण मेला-2026 के दौरान सिद्धपीठ माता पार्वती मंदिर, झिलमिल गुफा, गणेश गुफा एवं संपर्क मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग के क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी यमकेश्वर एवं उरेडा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नीलकंठ पैदल यात्रा मार्ग पर कुल 40 सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित करने की कार्यवाही सुनिश्चित की, जिससे कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
इसी प्रकार जनता मिलन कार्यक्रम में ग्राम खड़ेत मल्ला निवासी शांति देवी ने पेयजल कनेक्शन बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जल संस्थान ने तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया, जिसमें कनेक्शन की पाइपलाइन चोक होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विभागीय स्तर पर मरम्मत कार्य कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी गई, जिससे शिकायत का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हुआ। इसी प्रकार ग्राम केवर्स के ग्रामीणों ने हर घर नल-हर घर जल योजना के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति की शिकायत दर्ज कराई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जल संस्थान ने तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई शुरू करते हुए गांव के सभी परिवारों में संतोषजनक रुप से पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।
इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, एडीएम एफ आर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ शिवमोहन शुक्ला, सीवीओ डॉ विशाल शर्मा, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद्र, सीओ तपेश कुमार चंद, अधिशासी अभियंता विद्युत अभिनव रावत, पीएमजीएसवाई परशुराम चमोली, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भंडारी, परियोजना अधिकारी उरेडा, सहायक अभियंता लोनिवि अंकिता सक्सेना, ईओ नगर पालिका संजय कुमार, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, ईडीएम सचिन भट्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




