उत्तराखण्ड

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग विद्यार्थियों में नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच: गणेश जोशी

देहरादून में द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 का शुभारंभ, 13 जनपदों के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को झाझरा स्थित उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यू-कॉस्ट) परिसर में आयोजित ‘द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026’ का शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, तकनीकी दक्षता और शोध की भावना को प्रोत्साहित करना है। इसके लिए विद्यालय, ब्लॉक और जनपद स्तर पर विभिन्न चरणों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के दौरान विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, शोध और समस्या समाधान से जुड़े सात विभिन्न राउंड आयोजित किए गए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विद्यार्थी देश के वैज्ञानिक भविष्य की मजबूत नींव हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक क्षमता, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान समय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को नई तकनीकों को समझने, समस्याओं का समाधान खोजने और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है।

मंत्री गणेश जोशी ने यू-कॉस्ट को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की। यू-कॉस्ट इस दिशा में निरंतर सराहनीय कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए साइंस सिटी का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान को करीब से समझने, प्रयोगों के माध्यम से सीखने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

कैबिनेट मंत्री ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर यू-कॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button