उत्तराखण्ड

जिला प्रशासन की पहल से पौड़ी में पर्यटन को मिला नया आयाम, 95 लाख की लागत से विकसित इको एडवेंचर पार्क का शुभारंभ


Ad 7

जिपलाइन पर स्थानीय नागरिकों ने लिया रोमांच का अनुभव, झुमैलो और चौंफला की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

10 तरह की साहसिक गतिविधियों के साथ कैफे, ओपन जिम और बच्चों के मनोरंजन की सुविधाएं, स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर

पौड़ी- पौड़ी की खूबसूरत वादियों को अब रोमांच और मनोरंजन का नया आयाम मिल रहा है। जिला प्रशासन की पहल पर लगभग 95 लाख रुपये की लागत से विकसित इको एडवेंचर पार्क का मंगलवार को स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, नगरपालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में जिपलाइन का रोमांच, स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और महिलाओं की पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस पार्क के शुरू होने से पौड़ी के पर्यटन आकर्षणों में एक नया अध्याय जुड़ गया है।

प्रकृति के बीच विकसित इस पार्क में रोमांच पसंद करने वालों के लिए एक-दो नहीं, बल्कि दस तरह की साहसिक गतिविधियां तैयार की गई हैं। इनमें नेट ब्रिज, लॉग टू लॉग ब्रिज, टनल, स्पेस वॉक, वॉल टू वॉल ब्रिज, मोगली ब्रिज, जिग-जैग ब्रिज, जिपलाइन, कमांडो नेट और टायर क्लाइम्बिंग शामिल हैं। इसके अलावा मड कैफे, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। यानी यहां रोमांच के साथ परिवार और बच्चों के मनोरंजन का भी पूरा इंतजाम किया गया है।

स्थानीय विधायक ने कहा कि पौड़ी शहर में इस तरह के पर्यटन स्थल की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इको एडवेंचर पार्क के रूप में शहर को एक नई धरोहर मिली है। इसके विकास में सभी का सहयोग रहा है और अब इसे संजोकर रखना, इसकी सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यहां स्थानीय बच्चों को साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण मिलेगा। आगे चलकर यही बच्चे प्रशिक्षक के रूप में भी अपनी पहचान बना सकेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की इस पहल को धरातल पर उतारने में वन पंचायत और स्थानीय महिलाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। जिला योजना के माध्यम से लगभग 95 लाख रुपये की लागत से पार्क विकसित किया गया है। कैफे, संचालन और एडवेंचर गतिविधियों के लिए कार्मिक तैनात रहेंगे। सभी साहसिक गतिविधियां प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख में संचालित होंगी और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि एडवेंचर टूरिज्म के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है और पर्यटक इस तरह की गतिविधियों के लिए दूर-दूर से पहुंचते हैं। इसी के दृष्टिगत इस इको एडवेंचर पार्क की परिकल्पना की गयी और सभी के सहयोग से इसे एक वर्ष से भी कम अवधि में धरातल पर उतारा गया। पौड़ी में इस सुविधा के विकसित होने से पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण लेकर रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। हमारा प्रयास है कि स्थानीय युवा इस क्षेत्र में दक्ष बनें और भविष्य में स्वयं ऐसी गतिविधियों का संचालन करने में सक्षम हों। उन्होंने सभी नागरिकों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों से पार्क का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से पौड़ी पर्यटन के प्रमुख ग्रोथ सेंटर के रूप में उभर सकता है।

नगरपालिका अध्यक्षा ने कहा कि पौड़ी में इको एडवेंचर पार्क की अत्यंत आवश्यकता थी। प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के साझा प्रयासों से यह सुविधा विकसित हुई है। इससे शहर में पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों का विस्तार शहर के समग्र विकास को भी नई दिशा देगा।

क्षेत्र पंचायत प्रमुख ने पार्क में स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक परिवेश को संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस खूबसूरत स्थल की पहचान और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना सभी का सामूहिक दायित्व है।

उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत मैठाणी ने कहा कि पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। एसोसिएशन विभिन्न टूर ऑपरेटरों को पौड़ी के पर्यटन स्थलों और यहां उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराएगा, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक यहां पहुंच सकें और पौड़ी को मसूरी तथा लैंसडाउन की तरह पर्यटन मानचित्र पर पहचान मिल सके। एसोसिएशन के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने पौड़ी में उत्तराखंड टूर कॉन्क्लेव आयोजित करने की बात भी कही।

समारोह में स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक झुमैलो और चौफला लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में लोकसंस्कृति के रंग बिखेरे। पारंपरिक गीतों की धुन पर महिलाओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा (सेनि) ने पार्क के विकास के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। मीडियाकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने भी पार्क के विकास एवं इसके लिए चुने गए स्थल की सराहना की।

 

उद्घाटन अवसर पर वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने स्वयं जिपलाइन कर इसकी शुरुआत की। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने भी जिपलाइन गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया और रोमांच का अनुभव किया। जिपलाइन पर लोगों की भागीदारी और साहसिक गतिविधियों को लेकर उत्सुकता ने समारोह में खास रंग भर दिया।

इस अवसर पर किसान आयोग के सदस्य ओमप्रकाश जुगरान, कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल, कुलदीप गुसाईं, संस्कृति साहित्य कला समिति के सदस्य राकेश नौडियाल, वन पंचायत पौड़ी-कांडई के पंच नरेंद्र नेगी, सुनील नेगी एवं संतन सिंह नेगी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एबीडीओ धनपाल नेगी, कनिष्ठ अभियंता उपेंद्र शाह, उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button