उत्तराखण्ड

नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहे विभागीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मंत्री रेखा आर्या ने की बैठक

सम्मेलन मे राज्य का प्रतिनिधित्व करना है गर्व का विषय , मिलेगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन एवं महत्वपूर्ण सुझाव- रेखा आर्या

देहरादून। आगामी 8 और 9 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले दो दिवसीय विभागीय सम्मेलन को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने सम्मेलन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर अधिकारियों के साथ बिंदुवार चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्मेलन में उत्तराखंड की ओर से महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नई दिल्ली में होने वाला यह राष्ट्रीय सम्मेलन महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, आंगनवाड़ी व्यवस्था, पोषण और बाल संरक्षण जैसे अहम विषयों पर केंद्रित रहेगा। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्यों और उनके अनुभवों को साझा किया जाएगा। इससे राज्यों को एक-दूसरे की सफल पहल से सीखने और योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से लागू करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन उत्तराखंड के लिए भी महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इसके माध्यम से राज्य में महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे बेहतर कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर साझा किया जा सकेगा। साथ ही दूसरे राज्यों में संचालित उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों को जानने-समझने का अवसर भी मिलेगा। इससे उत्तराखंड में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को और बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि सम्मेलन के समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन और महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार और मार्गदर्शन देश को नई दिशा देने के साथ-साथ राज्यों के लिए भी प्रेरणादायी साबित होंगे।

बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंशीलाल राणा समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button