उत्तराखण्ड

बाल विवाह के खिलाफ एकजुट हुआ पौड़ी, जागरुकता रैली निकालकर दिया बाल विवाह मुक्त भारत का संदेश

विकास भवन से निकली रैली, अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने ली बाल विवाह उन्मूलन की शपथ

पौड़ी- बाल विवाह और जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए शुक्रवार को जनपद पौड़ी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गयी। विकास भवन परिसर से निकली रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संदेश दिया गया।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी रमेश चंद एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महबूब खान ने रैली में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई। इसके बाद जिला विकास अधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में मिशन शक्ति एवं वन स्टॉप सेंटर के कार्मिकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा पराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी कर बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने समाज के प्रत्येक वर्ग से इस कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य के लिए आगे आने की अपील की।

इस अवसर पर बाल विकास कार्यालय से विकास बहुगुणा, पिंकी नेगी, बीना रावत, मानसी रावत और सविता नेगी आदि भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button